Sunday, 15 November 2026

भाग्य ही मूल है....

भाग्य ही मूल है भाग्य ही अटल है वर्तमान का जो भी क्रियमाण कर्म मनुष्य करता दिखाई देता है। उसकी प्रेरणा उसका अवसर और उसकी दिशा भी पूर्व निर्धारित प्रारब्ध से ही संचालित होती है।

 संचित कर्मों के अथाह भंडार से जो फल पककर सामने आ चुका है वही भाग्य बनकर मनुष्य की बुद्धि को वैसा ही कर्म करने के लिए विवश कर देता है।

जीवन यदि पीड़ा से भरा हो तो उसे प्रारब्ध का भोग ही कहा जाता है क्योंकि लाखों प्रयत्न करने पर भी जब समय अनुकूल न हो तो मनुष्य का बड़े से बड़ा पुरुषार्थ भी निष्फल हो जाता है और जब सौभाग्य का सूर्य चमकता है तो बिना किसी विशेष प्रयास के भी चारों ओर से सुख और समृद्धि स्वयं चलकर मनुष्य के चरणों में आ गिरती है क्योंकि कर्म तो केवल एक निमित्त मात्र है फल देने की सामर्थ्य केवल भाग्य के पास है।

जीव की एक देह से दूसरे देह तक की इस अनंत यात्रा में चेतना के परिष्कार का अवसर भी तभी मिलता है। जब ईश्वरीय विधान और प्रारब्ध की कृपा हो यदि इसे एक जन्म की दृष्टि से देखा जाए या पूरे भवसागर के व्यापक रूप से देखा जाए दोनों ही स्थितियों में भाग्य ही सर्वप्रथम और सर्वोपरि सिद्ध होता है। क्योंकि बिना भाग्य के अनुकूल हुए किसी जीव को न तो धर्म का मार्ग मिलता है। और न ही आध्यात्म की समझ विकसित होती है।

धर्माचार्य और ज्योतिषी जब दुर्भाग्य के समय को काटने के लिए कोई उपाय या कर्म बताते हैं तो वह उपाय करने की सद्बुद्धि भी तभी जाग्रत होती है जब उस कष्ट के समाप्त होने का समय निकट आ चुका हो यदि प्रारब्ध में कष्ट का भोग शेष हो तो मनुष्य को न तो कोई सद्गुरु मिलता है और न ही उपाय करने की इच्छा होती है और यदि वह उपाय कर भी ले तो वह फलीभूत नहीं होता इससे यह स्पष्ट सिद्ध होता है कि कर्म भी भाग्य के अधीन रहकर ही फल देता है।

इसलिए भाग्य सदैव कर्म से एक नहीं बल्कि अनेक कदम आगे रहता है।
समुद्र लांघते समय जब सुरसा और सिंहिका जैसी बाधाएं सामने आती हैं तो हनुमान जी की युक्ति भी तभी काम करती है जब उनके भाग्य में प्रभु श्रीराम का कार्य सिद्ध होना लिखा हो और जब मेघनाद के ब्रह्मास्त्र के आगे वे हाथ जोड़कर बंध जाते हैं तो वह समर्पण भी नियति के सम्मान में ही होता है क्योंकि नियति से भिड़ने का सामर्थ्य और नियति को स्वीकार करने का विवेक दोनों ही प्रारब्ध के गर्भ से जन्म लेते हैं।

शास्त्रों में कुशल क्रियमाण कर्म के द्वारा संचित दुखों को सरलता से भोगने की जो विधियां बताई गई हैं। उन विधियों तक मनुष्य की पहुंच भी उसके पुण्य उदय होने पर ही संभव होती है अन्यथा अंधकार में भटकते हुए मनुष्य को सामने रखा हुआ दीपक भी दिखाई नहीं देता
जब जीवन के अंतहीन दुखों से तप्त मनुष्य चारों ओर से हार जाता है और सुखों का स्वर्णिम सूर्य घने अंधेरों में छिप जाता है।

तब उसे यह सत्य बोध होता है कि पुरुषार्थ की एक निश्चित सीमा है और भाग्य ही सर्वशक्तिमान है उस गहरी निशा के बाद जो सवेरा होता है वह मनुष्य की छटपटाहट से नहीं बल्कि कालचक्र और प्रारब्ध के निर्धारित समय पूरा होने पर ही आता है।

'भाग्यं फलति सर्वत्र' यह उद्घोष किसी थके हुए मनुष्य की कायरता या विवशता नहीं बल्कि इस ब्रह्मांड के सबसे बड़े सत्य की उद्घोषणा है जो मनुष्य के झूठे कर्तापन के अहंकार को चूर करके उसे यह ज्ञान कराती है कि तुम केवल कठपुतली हो और सूत्रधार कोई और है।

'भाग्यं फलति सर्वत्र' यह महावाक्य मनुष्य को प्रकृति और समय की धारा के विपरीत जाकर नष्ट होने से बचाता है और यह समझाता है कि जब तक प्रारब्ध का संबल न हो तब तक बड़े से बड़ा पुरुषार्थ भी बालू की भीत की तरह ढह जाता है।

महामारियां कल भी प्रारब्ध का सामूहिक भोग थी और आज भी जब कोई नई विपदा आती है, तो बड़े से बड़े वैज्ञानिक और साधन भी विवश होकर खड़े रह जाते हैं दुखों से हारकर चुप बैठ जाना हो या अपनी नियति से लड़ने का भ्रम पालना हो ये दोनों ही स्थितियां मनुष्य स्वयं नहीं चुनता बल्कि उसका प्रारब्ध उससे यह सब करवाता है।

तुलसीदास जी ने भी यही सत्य लिखा है कि होइहि सोइ जो राम रचि राखा को करि तर्क बढ़ावै साखा और यही इस सृष्टि का अंतिम सार है कि भाग्य ही प्रधान है।

गोस्वामी जी ने यह भी स्पष्ट कहा है कि कादर मन कहुं एक अधारा दैव दैव आलसी पुकारा किंतु उसी रामचरितमानस में यह भी वर्णित है कि सुनु सठ काल बस उपजा अभिमाना अर्थात जब काल और भाग्य विपरीत होता है तो रावण जैसे महाज्ञानी और महापराक्रमी की बुद्धि भी भ्रष्ट हो जाती है और उसका समस्त पुरुषार्थ उसके विनाश का कारण बन जाता है।

वस्तुतः कर्म को ही सबकुछ मान लेना मनुष्य के अल्पज्ञान और अहंकार का अवलोकन मात्र है समग्र सृष्टि के गूढ़ विधान का सिंहावलोकन नहीं
मनुष्य कितना भी पुरुषार्थ कर ले किंतु भाग्य के बंद किए हुए द्वार को कोई भी कर्म कभी खोल नहीं सकता।

डॉ सुशील कश्यप 

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home